IBN24 Desk: घरघोड़ा (छत्तीसगढ़) स्कूल शिक्षा विभाग में वर्षों से मूल पदस्थापना छोड़कर दूसरे कार्यालयों में संलग्न होकर कार्य कर रहे कर्मचारियों और शिक्षकों की अब मुश्किलें बढ़ सकती हैं। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने 25 जून 2026 को जारी आदेश में सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों से संलग्न कर्मचारियों/शिक्षकों की विस्तृत जानकारी तत्काल मांगी है।
आदेश के अनुसार, स्कूल शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि संभागीय संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड स्रोत समन्वयक कार्यालयों में संलग्न कर्मचारियों/शिक्षकों को उनके मूल पदस्थापना संस्थान में कार्यभार ग्रहण कराने की कार्रवाई की जाए।
संचालनालय ने इसके लिए प्रत्येक संलग्न कर्मचारी का नाम, पदनाम, वर्तमान कार्यस्थल तथा संलग्नीकरण आदेश क्रमांक व दिनांक की जानकारी निर्धारित प्रारूप में तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है।
अब उठेंगे बड़े सवाल…
क्या वर्षों से एक ही कार्यालय में जमे कर्मचारियों की वापसी होगी?
किन अधिकारियों के आदेश से वर्षों तक संलग्नीकरण चलता रहा?
क्या बिना वैध आदेश के भी कर्मचारी वर्षों से दूसरे कार्यालयों में कार्यरत हैं?
क्या नियमों के विपरीत किए गए संलग्नीकरण की होगी जांच?
यह आदेश उन जिलों और विकासखंडों में भी हलचल मचा सकता है, जहां कई कर्मचारी और शिक्षक लंबे समय से अपने मूल विद्यालय या कार्यालय से अलग स्थानों पर संलग्न हैं।
अब निगाहें इस बात पर हैं कि रायगढ़ जिले सहित घरघोड़ा विकासखंड में कितने कर्मचारी वर्षों से संलग्न हैं और विभाग उनके विरुद्ध क्या कार्रवाई करता है।
