Homeछत्तीसगढ़जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान से लाखों रुपये...

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान से लाखों रुपये के मोबाइल फोन चोरी होने के मामले का पुलिस ने कुछ ही समय में खुलासा कर दिया

IBN24 Desk: जशपुर (छत्तीसगढ़) जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान से लाखों रुपये के मोबाइल फोन चोरी होने के मामले का पुलिस ने कुछ ही समय में खुलासा कर दिया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने एक बालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इनमें तीन नाबालिग बालक शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के 47 मोबाइल फोन, चोरी की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

ताला तोड़कर 93 मोबाइल फोन किए थे चोरी

पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई की रात 9 बजे से 22 जुलाई की सुबह 7 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने बगीचा बस स्टैंड प्रतीक्षालय के पीछे स्थित कैपिटल मोबाइल शॉप का ताला तोड़ दिया। दुकान से 93 नए और पुराने मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 18 लाख 75 हजार रुपये बताई गई।

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला

दुकान संचालक जैद अली (28) की शिकायत पर थाना बगीचा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 305(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद अभिषेक प्रजापति (19) और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया गया।

47 मोबाइल और बाइक बरामद

पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर करीब 10 लाख रुपये कीमत के 47 मोबाइल फोन, 600 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की यामाहा एमटी मोटरसाइकिल (करीब 60 हजार रुपये कीमत) बरामद कर जब्त की गई।

एक आरोपी फरार, बाकी को भेजा गया जेल

पुलिस ने बालिग आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया, जबकि तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया। मामले में एक अन्य आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही चोरी के बाकी मोबाइल फोन बरामद करने के प्रयास भी जारी हैं।

एसएसपी बोले- जल्द गिरफ्तार होगा फरार आरोपी

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि बगीचा थाना क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने बेहद पेशेवर तरीके से खुलासा करते हुए कुछ ही घंटों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही चोरी के शेष मोबाइल फोन बरामद करने की कार्रवाई लगातार जारी है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments