IBN24 Desk:अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) अंबिकापुर जिला मुख्यालय से लगे महामाया पहाड़ में महिला का कंकाल मिला है। महिला के कंकाल का आधा हिस्सा फांसी पर झूलता मिला। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि शव फांसी पर झूल रहा था। शव करीब एक महीने पुराना बताया गया है। मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के ओरियंटल पब्लिक स्कूल से करीब 100 मीटर दूर महामाया पहाड़ के जंगल में एक महिला का कंकाल ड्यूटी पर तैनात वनकर्मी ने देखा और सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर फारेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने मौके पर जांच की।
महिला के कंकाल का एक हिस्सा साड़ी में झूलता मिला, वहीं धड़ नीचे गिरा हुआ था। फॉरेंसिक टीम के अनुसार शव करीब एक महीना पुराना हो सकता है। लंबे समय तक फंदे में झूलते हुए शव सड़ गया और बारिश के दौरान एक हिस्सा नीचे गिर गया।
शिनाख्त नहीं हुई
कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने कंकाल को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। शिनाख्त के लिए कोशिश की जा रही है। कपड़ों के आधार पर माना जा रहा है कि शव किसी महिला का है।
पुलिस पिछले एक से डेढ़ महीने में गुमशुदा लोगों की पड़ताल कर रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट नहीं कह सकते। चूंकि शव सड़ चुका है, इसलिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारण बताया जा सकता है। पुलिस ने फिलहाल मामले में मर्ग कायम किया है।
