IBN24 Desk: बालोद (छत्तीसगढ़) बालोद जिले के दल्लीराजहरा में दिवाली की खरीदारी करने पहुंचे एक परिवार की बाइक चोरी हो गई। परिवार ने नया बाजार में अजय कलेक्शन दुकान के सामने मेन रोड पर बाइक खड़ी की थी।
करीब आधे घंटे बाद लौटे तो बाइक गायब मिली। बाइक की कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम खम्हारटोला निवासी आनंद राम विश्वकर्मा ड्राइविंग का काम करते हैं। पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे वे बाइक क्रमांक CG 24 N 7682 से परिवार के साथ नया बाजार पहुंचे थे। खरीदारी के लिए उन्होंने अजय कलेक्शन दुकान के सामने मेन रोड पर बाइक खड़ी की और हैंडल लॉक कर चाबी जेब में रख ली।
आधे घंटे बाद लौटे तो बाइक गायब
आनंद राम के मुताबिक, शाम करीब 5 बजे खरीदारी के बाद वे वापस लौटे तो बाइक वहां नहीं थी। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन बाइक का पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। बाजार क्षेत्र में बाइक की तलाश की जा रही है।
