IBN24 Desk: सूरजपुर (छत्तीसगढ़) सूरजपुर जिले के पर्यटन और धार्मिक स्थल सारासोर में शनिवार को दर्शन करने पहुंचा युवक नदी में नहाते समय डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची डीडीआरएफ की टीम ने काफी तलाश के बाद युवक का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना चेंद्रा चौकी क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, जरही निवासी शैलेंद्र राम (35 वर्ष) शनिवार को अपने दो दोस्तों के साथ सारासोर दर्शन और पूजा करने गया था। तीनों बाइक से वहां पहुंचे थे। मंदिर में दर्शन करने से पहले वे महान नदी में नहाने उतरे।
इसी दौरान शैलेंद्र गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके दोनों दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी ज्यादा गहरा होने के कारण वे उसे बचा नहीं सके।
घटना की जानकारी उसके साथियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद सूरजपुर से डीडीआरएफ की टीम और चेंद्रा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद शैलेंद्र राम का शव नदी से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
महान नदी में जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां पहले भी कई लोग डूब चुके हैं। नदी कई जगहों पर काफी गहरी है। लोग पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाते और हादसे का शिकार हो जाते हैं। प्रशासन ने इस जगह को खतरनाक घोषित किया है।
