Homeछत्तीसगढ़अवैध धान के भंडारण एवं खरीदी पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, दो...

अवैध धान के भंडारण एवं खरीदी पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, दो दिनों में 1,156 कट्टा से अधिक धान जब्त

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़)  खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा अवैध धान के भंडारण, खरीदी और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देशानुसार राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिले के विभिन्न तहसीलों में जांच एवं निरीक्षण कर रही हैं।

इसी क्रम में 23 एवं 24 नवम्बर को जिले के विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 1,156 कट्टा से अधिक अवैध धान जब्त किया गया।
23 नवम्बर को तहसील बसना के ग्राम घुमाभाठा में हंसलाल पिता जगतूराम के पास से 45 कट्टा तथा ग्राम लम्बर में दिनेश कोसरिया की दुकान से लगभग 62 पैकेट खुला धान पाया गया। उक्त धान को मंडी अधिनियम के तहत जब्त कर मंडी विभाग को सौंपा गया। तहसील पिथौरा के ग्राम भुरकोनी निवासी विकास अग्रवाल के पास से 600 कट्टा अवैध धान प्राप्त होने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए मंडी निरीक्षक को सुपुर्द किया गया।

24 नवम्बर को तहसील पिथौरा अंतर्गत शंकर ट्रेडर्स, जंघोरा से 116 कट्टा, किशनपुर स्थित रुखमणी ट्रेडर्स से लगभग 200 कट्टा तथा ग्राम खैरखुटा में जितेश बरिहा के पास से 33 कट्टा अवैध धान प्राप्त होने पर राजस्व एवं मंडी विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। इसी प्रकार तहसील कोमाखान के ग्राम धौराभाटा में सलीम रिजवी की दुकान से 40 कट्टा तथा ग्राम भालूकोना में नरेश पिता घनाराम के घर से 60 कट्टा अवैध धान पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई।

राइस मिल का भी किया गया निरीक्षण
इसी दौरान महासमुंद स्थित शांति विजय एग्रोटेक राइस मिल का राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। तहसीलदार श्री संतोष धुर्वे के नेतृत्व में खाद्य निरीक्षक श्री सुशील शर्मा, मंडी निरीक्षक श्री गिरधारी लाल ध्रुव एवं उपनिरीक्षक श्री अखिलेश राठिया द्वारा स्टॉक एवं अभिलेखों का परीक्षण किया गया। जांच में स्टॉक एवं रिकॉर्ड संतोषजनक पाए गए। मिलर द्वारा कोंडागांव जिले में जमा किए जाने वाले चावल के तीन लॉट आगामी चार दिनों में जमा करने का आश्वासन दिया गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता, अवैध भंडारण एवं बिचौलियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मंडी अधिनियम सहित प्रचलित प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments