Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को गुणवत्ता, कौशल और रोजगार से जोड़ने पर...

छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को गुणवत्ता, कौशल और रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुखी, तकनीक आधारित और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप बनाने की दिशा में राज्य शासन द्वारा अनेक महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा भी उपस्थित रहे। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन, उच्च शिक्षा मिशन, उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना, रोजगारपरक शिक्षा, इंटर्नशिप नीति, रिक्त पदों पर भर्ती, डिजिटल नवाचार तथा महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में अधोसंरचना विकास की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के साथ कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उच्च शिक्षण संस्थानों को ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता के केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। जनजातीय एवं दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक शिक्षा और तकनीकी सुविधाओं का समान अवसर मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रदेश में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा को व्यावहारिक ज्ञान, कौशल और रोजगार से जोड़ा जा रहा है। उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना, इंटर्नशिप नीति, अंग्रेजी संप्रेषण कौशल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण तथा डिजिटल सेवाओं का विस्तार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। महाविद्यालयों में रिक्त पदों की पूर्ति और शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

30 महाविद्यालयों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में किया जाएगा विकसित

बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश के 30 महाविद्यालयों को शिक्षण एवं अनुसंधान के उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के रूप में विकसित करने के लिए चिन्हांकित किया गया है। इन महाविद्यालयों में आधुनिक प्रयोगशालाएं, उन्नत पुस्तकालय, स्मार्ट क्लासरूम सहित आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विद्यार्थियों के कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और प्लेसमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वर्तमान बजट में आधुनिक उपकरण, मशीन एवं सामग्री तथा सम्मेलन के लिए प्रति महाविद्यालय तीन करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। आगामी दो वर्षों में डिजिटलीकरण एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए प्रति महाविद्यालय 10 करोड़ रुपये की मांग प्रस्तावित है।

उच्च शिक्षा मिशन के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान

छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा मिशन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मिशन के माध्यम से राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन और उच्च शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। वर्तमान में प्रदेश का सकल नामांकन अनुपात 24.5 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह 30 प्रतिशत है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप वर्ष 2035 तक इसे 50 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। मिशन के तहत अध्ययन-अध्यापन, सूचना प्रौद्योगिकी, क्षमता संवर्धन, करियर के अवसरों तथा अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments