Homeछत्तीसगढ़बड़े सपने, मजबूत संकल्प और निरंतर मेहनत से मिलती है सफलता :...

बड़े सपने, मजबूत संकल्प और निरंतर मेहनत से मिलती है सफलता : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए बड़े सपने देखना, मजबूत संकल्प रखना और लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर निरंतर मेहनत करना आवश्यक है। यदि व्यक्ति के भीतर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का दृढ़ विश्वास और जुनून हो तो कठिन परिस्थितियां और संसाधनों की कमी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें, सही दिशा में योजनाबद्ध तैयारी करें और असफलताओं से सीखते हुए निरंतर आगे बढ़ें। मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी ऊंचाई तक पहुंचा जा सकता है।

वित्त मंत्री श्री चौधरी आज बिलासपुर जिले के तखतपुर स्थित रामसदन में आयोजित शिलान्यास एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 4 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 250 सीटर नालंदा परिसर का शिलान्यास तथा लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से परमेश्वरी तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। नालंदा परिसर का निर्माण शहर के जीएमपी स्कूल के समीप किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता तखतपुर विधायक श्री धरमजीत सिंह ने की।

गांव के सरकारी स्कूल से आईएएस बनने तक का सफर विद्यार्थियों के लिए बना प्रेरणा

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के संघर्ष और सफलता की प्रेरक यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा रायगढ़ जिले के एक गांव के सरकारी स्कूल में हुई। उस समय विद्यालय में शिक्षकों की कमी थी और पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन भी सीमित थे। बारहवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद जब वे भिलाई पहुंचे, तब सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए आवश्यक किताबें जुटाना भी बड़ी चुनौती थी। कई महत्वपूर्ण किताबों की तलाश में उन्हें दिल्ली तक जाना पड़ा, लेकिन उन्होंने परिस्थितियों के सामने हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहे।

श्री चौधरी ने मसूरी स्थित प्रशासनिक प्रशिक्षण अकादमी से जुड़ा एक प्रेरक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि एक बार वे अकादमी देखने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें भीतर प्रवेश नहीं मिल सका। उसी समय उन्होंने संकल्प लिया कि वे अब इस अकादमी में आईएएस अधिकारी बनकर ही आएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में परिस्थितियां कैसी भी हों, अपने सपनों को कभी छोटा नहीं करना चाहिए। मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर परिश्रम से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है।

नालंदा परिसर युवाओं के सपनों को देगा नई उड़ान

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि अध्ययन के दौरान किताबों और बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं की कमी को उन्होंने स्वयं अनुभव किया है। इसी अनुभव ने उन्हें युवाओं के लिए आधुनिक पुस्तकालय और अध्ययन केंद्र विकसित करने की प्रेरणा दी। रायपुर कलेक्टर के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने लगभग 19 करोड़ रुपए की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण कराया था, जहां आज लगभग तीन हजार युवा अध्ययन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी गांव, शहर, प्रदेश और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए शिक्षा और पुस्तकालयों में निवेश अत्यंत आवश्यक है। नालंदा परिसर केवल अध्ययन का केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने और उनके भविष्य को नई दिशा देने का माध्यम है। तखतपुर में बनने वाला नालंदा परिसर भी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण और आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments