IBN24 Desk: बिलासपुर (छत्तीसगढ़) बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में पटाखे और घरेलू सामान खरीदने निकले युवक को रास्ते में घेरकर 3 युवकों ने पहले मारपीट की, फिर उसकी पल्सर बाइक लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात की शिकायत मिलते ही कोटा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लूटी गई पल्सर बाइक के साथ वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की स्कूटी भी बरामद की गई है।
जानिए क्या है पूरा मामला
एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि, तखतपुर क्षेत्र के ग्राम समडील निवासी दुर्गेश साहू 10 नवंबर को घरेलू सामान और पटाखे खरीदने के लिए अपनी पल्सर बाइक (सीजी 12 बीएल 1353) से गनियारी आया था। वह सामान लेकर घर लौट रहा था। तभी रास्ते में तीन युवकों ने उसे रोक लिया।
आरोपियों ने उससे रुपए मांगे। दुर्गेश ने विरोध किया तो तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बदमाश युवकों ने उसकी बाइक लूट ली और फरार हो गए। इस घटना से घबराए दुर्गेश ने कोटा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मंगला के तीन युवकों ने दिया था वारदात को अंजाम
लूट की सूचना मिलते ही कोटा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मंगला के आजाद चौक निवासी अभय सूर्यवंशी (19), नंद कुमार केवट (19) और नीरज सूर्यवंशी (19) इस वारदात में शामिल थे।
इस पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनके कब्जे से लूटी गई पल्सर बाइक और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी जब्त की गई।
सिविल लाइन क्षेत्र में चोरी की वारदात में भी नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों युवकों का सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई चोरी की एक वारदात में भी नाम सामने आया है। पुलिस उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य घटनाओं में संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।
