IBN24 Desk: दुर्ग (छत्तीसगढ़) दुर्ग के सुभाष नगर क्षेत्र में एक किराए के मकान में युवती यूनेश्वरी वर्मा (26) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। युवती की गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतका खैरागढ़ जिले के चिचोला की निवासी थी और पढ़ाई के लिए दुर्ग में अकेली रहती थी।
शुरूआती जांच में सामने आया है कि अज्ञात आरोपी ने युवती का गला दबाकर उसकी हत्या की और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस को मुखबिर के जरिए घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पदमनाभपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका:पुलिस
सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि युवती की मौत गला दबाने से हुई प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा, ‘सूचना मिलते ही पुलिस टीम दोपहर 2 बजे मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।’
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी है। उनके दुर्ग पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव कोदोपहर 4 बजे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।
