Homeछत्तीसगढ़सेवा संकल्प अभियान : कला और संगीत के जरिए जन-जन तक पहुंचेगी...

सेवा संकल्प अभियान : कला और संगीत के जरिए जन-जन तक पहुंचेगी सेवा की कहानी

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार खैरागढ़ जिले में ‘नमो सेवा, अनकही कहानियां’ के संगीतमय नाटक एवं नुक्कड़ नाटक श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। कला, संगीत और अभिनय के माध्यम से विगत 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उनके माध्यम से लोगों के जीवन में आए बदलाव की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार 22 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 के मध्य जिले के विभिन्न सामुदायिक साप्ताहिक बाजारों और दो प्रमुख महाविद्यालयों में नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। बाजारों में अतरिया, ठेलकाडीह, बीजलदही, पांडादाह, गंडई, पद्मावतीपुर, पैलीमेटा, साल्हेवारा और बुंदेली में कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं रानी रश्मि देवी शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ तथा वीरांगना अवंति बाई लोधी महाविद्यालय छुईखदान में भी नाटक के माध्यम से लोगों को योजनाओं और सेवा कार्यों से अवगत कराया जाएगा।

09 अक्टूबर को होगा जिला स्तरीय भव्य आयोजन

कार्यक्रम श्रृंखला की प्रमुख कड़ी के रूप में 09 अक्टूबर 2026 को संगीत की नगरी खैरागढ़ में शाम 5 बजे राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, कैंपस-02 ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय संगीतमय नाटक की विशेष प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम में कला और संगीत के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और विकास की विभिन्न कहानियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।

नुक्कड़ नाटक एवं जिला स्तरीय संगीतमय नाटक के मंचन के लिए राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय द्वारा निर्देशन एवं प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय के प्रतिभावान छात्र-कलाकार अपनी अभिनय और संगीत प्रतिभा के माध्यम से प्रस्तुतियां देंगे।

सेवा संकल्प अभियान के जिला प्रभारी अधिकारी ने बताया कि 09 अक्टूबर को आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले के सम्मानित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कला और संगीत के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवा कार्यों को सरल और रोचक तरीके से आमजन तक पहुंचाने का यह एक प्रभावी माध्यम बनेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments