Homeछत्तीसगढ़कोरबा नगर निगम कोरबा की ओर से शहर में सड़क किनारे लगे...

कोरबा नगर निगम कोरबा की ओर से शहर में सड़क किनारे लगे ठेला, गुमठी और दुकानों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी

IBN24 Desk: कोरबा (छत्तीसगढ़) कोरबा नगर निगम कोरबा की ओर से शहर में सड़क किनारे लगे ठेला, गुमठी और दुकानों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। सड़क पर जाम और अतिक्रमण की शिकायतों के बाद निगम ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को निगम की टीम बुधवारी बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंची।

यहां कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और निगम कर्मियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गई। घटना के बाद बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दुकान हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, नगर निगम की टीम बुधवारी बाजार में सड़क किनारे लगी दुकानों और अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। टीम ने जैसे ही कार्रवाई शुरू की, एक दुकानदार ने इसका विरोध किया। इसी दौरान दुकानदार और निगम कर्मी के बीच कहासुनी होने लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर दुकान पर मौजूद महिला और पुरुष के साथ भी गाली-गलौज और हाथापाई की नौबत आ गई। हंगामा देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

दुकानदारों ने लगाए अभद्र व्यवहार के आरोप

दुकानदारों का आरोप है कि निगम कर्मियों ने कार्रवाई के दौरान अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। उनका कहना है कि वे छोटी-छोटी दुकानें लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। निगम की ओर से बार-बार कार्रवाई किए जाने और बिना वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानें हटाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाता है।

निगम का तर्क- पहले भी जारी किए गए नोटिस

वहीं, निगम कर्मियों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी कई बार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है। दुकानदारों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। इसके बावजूद कुछ दुकानदार दोबारा सड़क किनारे दुकानें लगा लेते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। निगम की टीम इसी अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी।

समझाइश के बाद शांत हुआ मामला

दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक विवाद चलता रहा। बाद में मौके पर मौजूद लोगों और अन्य दुकानदारों ने हस्तक्षेप कर समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत हुआ। निगम की टीम ने कुछ दुकानों को हटाया और चेतावनी देकर लौट गई। फिलहाल बाजार में स्थिति सामान्य है, लेकिन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर निगम और दुकानदारों के बीच तनाव बना हुआ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments