Homeछत्तीसगढ़महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में आरोपी वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को...

महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में आरोपी वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को शनिवार को रायपुर की स्पेशल PMLA कोर्ट में पेश किया गया

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में आरोपी वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को शनिवार को रायपुर की स्पेशल PMLA कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 10 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

28 नवंबर तक मिली ED की कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद एजेंसी ने आगे पूछताछ के लिए रिमांड नहीं मांगी। ED ने 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजने की मांग की थी। हिमांशु पर आरोप है कि उसने महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपए लिए थे।

इधर, हिमांशु ने ED के आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि उसने सौरभ चंद्राकर से कोई पैसा नहीं लिया और ED के पास इस कथित लेन-देन का कोई सबूत भी नहीं है। उसने दावा किया कि पूछताछ के दौरान एजेंसी के सभी सवालों के जवाब दिए हैं।

बचाव पक्ष बोला- सौरभ से कोई लेन-देन नहीं

हिमांशु के वकील फैजल रिजवी ने कोर्ट में कहा कि 15 करोड़ रुपए लेने के आरोप का समर्थन करने के लिए कोई बैंक ट्रांजेक्शन या दूसरा ठोस सबूत नहीं है। उन्होंने बताया कि हिमांशु किसी बार काउंसिल में वकील के रूप में पंजीकृत नहीं है, बल्कि एक लॉ फर्म में काम करता है।

जान का खतरा बताया, जेल में सुरक्षा की मांग की

कोर्ट में पेशी के दौरान हिमांशु ने अपनी जान को खतरा बताया। उसने जेल में सुरक्षा देने के लिए कोर्ट में आवेदन भी दिया। इस पर कोर्ट ने जेलर को जेल के नियमों के मुताबिक उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद हिमांशु को न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल भेज दिया गया।

केस रफा-दफा कराने के नाम पर लिए 15 करोड़ रुपए

दरअसल, हिमांशु पर आरोप है कि, उसने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपए लिए थे। इसके लिए उसने जज और अधिकारियों को मैनेज करने का भरोसा दिलाया था।

ED इस कथित लेन-देन के साथ हिमांशु और सौरभ के बीच दुबई में हुई मुलाकातों की भी जांच कर रही है। ED को सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु के बारे में जानकारी मिली थी।

इसके बाद एजेंसी ने उसे मुंबई एयरपोर्ट पर रोका और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार किया। बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद ED ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर रायपुर लाकर पूछताछ शुरू की थी।

लॉयर से म्यूजिक इंडस्ट्री तक का सफर

हिमांशु शेखर उद्यमी, वकील, गीतकार और म्यूजिक लेबल के संस्थापक हैं। उसने अपनी पुरानी साझेदार मनप्रीत कौर के साथ पहले कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में काम किया और फिर म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। OSM Records के अलावा वह Yesya Media Pvt. Ltd. से भी जुड़ा रहा है।

ईडी के आवेदन में दर्ज जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2025 तक Yesya Media Pvt. Ltd. में हिमांशु की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी के वित्तीय विवरणों के मुताबिक उसका राजस्व साल 2022-23 में 52.66 लाख रुपए था, जो साल 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपए हो गया। ईडी ने इसी अवधि को महादेव बुक के प्रमोटर्स से कथित तौर पर रकम मिलने की अवधि से जोड़ा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments