IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने जनगणना 2026 के महाअभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। उन्होंने सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए डिजिटल पोर्टल का उपयोग करते हुए अपने परिवार की स्व-गणना का कार्य स्वयं पूर्ण किया।
श्री कश्यप ने अपने निवास पर तकनीक के माध्यम से परिवार के सदस्यों का विवरण दर्ज कर यह संदेश दिया कि आधुनिक भारत में नागरिक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुलभता और शुचिता के साथ कर सकते हैं। स्व-गणना की इस प्रक्रिया को पूरा करने के पश्चात सांसद ने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र के भविष्य की रूपरेखा तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सटीक आंकड़े ही भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के विकास का आधार बनते हैं। उन्होंने बताया कि स्व-गणना न केवल समय की बचत करती है, बल्कि यह सुनिश्चित करती है कि आपके परिवार की जानकारी बिना किसी त्रुटि के सीधे प्रशासन तक पहुँचे।
