Homeछत्तीसगढ़रायपुर और दुर्ग के बीच स्थित कुम्हारी क्षेत्र में खारुन नदी पर...

रायपुर और दुर्ग के बीच स्थित कुम्हारी क्षेत्र में खारुन नदी पर बने पुल की मरम्मत का कार्य निर्धारित समय से पहले 16 दिनों में पूरा कर लिया गया

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़)  रायपुर और दुर्ग के बीच स्थित कुम्हारी क्षेत्र में खारुन नदी पर बने पुल की मरम्मत का कार्य निर्धारित समय से पहले 16 दिनों में पूरा कर लिया गया है। प्रशासन ने इस कार्य के लिए 30 दिन का लक्ष्य रखा था, लेकिन बेहतर समन्वय और तेज गति से इसे आधे समय में ही पूरा कर लिया गया।

शुक्रवार को दोनों पुलों को आम नागरिकों और सभी प्रकार के वाहनों के लिए सुरक्षित रूप से खोल दिया गया। इसके साथ ही, लंबे समय से प्रभावित यातायात व्यवस्था एक बार फिर सुचारु हो गई है।खारुन नदी पर बने इन पुलों से प्रतिदिन लगभग डेढ़ लाख वाहन गुजरते हैं।

मरम्मत कार्य के दौरान मार्ग पर आंशिक प्रतिबंध के कारण यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। पुल के दोबारा खुलने से रायपुर और दुर्ग के बीच आवागमन करने वाले हजारों यात्रियों, कामकाजी लोगों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है।

पुलिस–प्रशासन का समन्वय रहा अहम

मरम्मत कार्य की सफलता में पुलिस और प्रशासन का बेहतर समन्वय महत्वपूर्ण रहा। दुर्ग और रायपुर पुलिस ने मिलकर यातायात व्यवस्था को संभाला। दोनों जिलों के 70 से 80 ट्रैफिक जवान और अधिकारी प्रतिदिन सुबह-शाम पुल और संबंधित प्रमुख मार्गों पर तैनात रहते थे।

इन जवानों ने वैकल्पिक मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट कर जाम की स्थिति को नियंत्रित रखा। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने स्वयं हर दूसरे-तीसरे दिन मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस सतत निगरानी के कारण ही मरम्मत कार्य बिना किसी बड़े व्यवधान के समय से पहले पूरा हो सका।

31 मार्च की रात से लागू हुआ ट्रैफिक प्लान

मरम्मत कार्य 1 अप्रैल से शुरू हुआ, लेकिन 31 मार्च की आधी रात से ही भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी। छोटे वाहनों को वैकल्पिक पुलों से निकाला गया।

एक पुल से दोनों दिशाओं का ट्रैफिक संचालित किया गया, जबकि नीचे स्थित लघु पुल का उपयोग रायपुर से दुर्ग जाने वाले वाहनों के लिए किया गया। टाटीबंध चौक, रायपुरा ब्रिज, सिलतरा बायपास जैसे स्थानों पर भी पुलिस बल तैनात रहा।

24 घंटे चला निर्माण कार्य, ट्रायल के बाद आवागमन शुरू

निर्धारित समय से पहले काम पूरा करने के लिए ठेका कर्मियों ने दिन–रात काम किया। रात में पुलिस बल कम रहने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा।

काम पूरा होने के बाद पुल पर ट्रायल रन किया गया। सभी सुरक्षा मानकों की जांच के बाद ट्रायल सफल रहा। इसके बाद शुक्रवार से दोनों पुलों पर यातायात पूरी तरह शुरू कर दिया गया।

अब यातायात पूरी तरह सामान्य

दोनों पुल खुलने के साथ यातायात सामान्य हो चुका है। प्रशासन का कहना है कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है और अब किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments