IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) दीपावली के अवसर पर अंबिकापुर के बेजुबान डॉग शेल्टर में कुकुर तिहार मनाया गया। सेल्टर के संचालकों ने बेजुबान पशुओं के प्रति प्रेम, सम्मान, संवेदना के साथ कुकुर तिहार में फूलों की माला पहनाकर उनके लिए विशेष भोज का आयोजन किया।
बेजुबान डॉग शेल्टर में रह रहे सभी डॉग्स (बच्चों) के लिए विशेष पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया। सभी बच्चों को तिलक लगाकर, फूलों की माला पहनाकर उनका सम्मान किया गया। उनके लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई थी। भारत के पड़ोसी देश नेपाल में कुकुर तिहार की परंपरा है।
बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा ने कहा कि, कुकुर तिहार हमें यह याद दिलाता है कि कुत्ते भी हमारे समाज और जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। वे हमारे मित्र हैं, हमारे आसपास रहते हैं और बिना किसी स्वार्थ के इंसानों के प्रति प्रेम और वफादारी रखते हैं। ऐसे में हमारा भी कर्तव्य है कि हम उनके प्रति दया, प्रेम और सम्मान का भाव रखें।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि, दीपावली के दौरान या सामान्य दिनों में भी किसी बेजुबान जानवर को परेशान न करें। उन पर पत्थर न फेंकें, उन्हें मारें नहीं और न ही उन्हें डराने का प्रयास करें।
डॉग सेल्टर के संचालकों ने बताया कि, हमारे लिए ये बेजुबान जानवर केवल पशु नहीं, बल्कि हमारे परिवार का हिस्सा हैं। इनका दर्द समझना, इनकी देखभाल करना और इन्हें सुरक्षित जीवन देना ही हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
घायल व बीमार कुत्तों का कर रहे रेस्क्यू
बेजुबान डॉग शेल्टर पिछले कई वर्षों से घायल, बीमार, दुर्घटनाग्रस्त एवं बेसहारा पशुओं के रेस्क्यू, इलाज, भोजन और देखभाल के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। सुधाशुं शर्मा ने बताया कि पड़ोसी देश नेपाल में कुत्तों को अपना मित्र और रक्षक माना जाता है। नेपाल की इस परंपरा का निर्वहन यहां भी वे कर रहे हैं।
