Homeछत्तीसगढ़रायपुर जिले के बिरगांव नगर निगम के उरकुरा स्थित प्राथमिक स्कूल में...

रायपुर जिले के बिरगांव नगर निगम के उरकुरा स्थित प्राथमिक स्कूल में बच्चों को पढ़ाई के लिए सुरक्षित माहौल नहीं मिल पा रहा

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) रायपुर जिले के बिरगांव नगर निगम के उरकुरा स्थित प्राथमिक स्कूल में बच्चों को पढ़ाई के लिए सुरक्षित माहौल नहीं मिल पा रहा है। स्कूल भवन जर्जर हो चुका है। दीवारों में करंट उतरने का खतरा है। छज्जे और लेंटर का हिस्सा भी गिर रहा है। परिसर में नालियों का गंदा पानी भरता है।

वहीं, शौचालयों में गंदगी और टूट-फूट के कारण बच्चों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्कूल की इन समस्याओं के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ग्रामीण ने इस स्कूल की हालत का वीडियो बनाया जो अब वायरल हो रहा है।

दीवारों में करंट का खतरा

स्टाफ के मुताबिक, स्कूल की दीवारों में करंट आने की शिकायत है। ऐसे में रोजाना स्कूल आने वाले बच्चों के लिए खतरा बना हुआ है। बच्चे इन्हीं कमरों में बैठकर पढ़ाई करते हैं। बिजली की खराब व्यवस्था के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

नालियों का पानी परिसर में भर रहा

गांव के बिसत साहू ने बताया कि, स्कूल के आसपास की नालियों का गंदा पानी परिसर में भर जाता है। इससे बच्चों और शिक्षकों को आने-जाने में परेशानी होती है। पानी जमा रहने से गंदगी और बदबू भी फैलती है।

स्कूल परिसर में जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या बनी हुई है। बच्चों को कई बार इसी गंदे पानी के बीच से होकर कक्षाओं तक पहुंचना पड़ता है।

छज्जे और लेंटर का हिस्सा गिर रहा

जलभराव और बिजली की समस्या के साथ स्कूल भवन की जर्जर हालत भी चिंता बढ़ा रही है। छज्जे और लेंटर का हिस्सा गिर रहा है। ऐसे में कक्षाओं में बैठकर पढ़ने वाले बच्चों के लिए खतरा बना हुआ है।

भवन की जांच कराकर जरूरी हिस्सों की मरम्मत कराने की जरूरत है, ताकि किसी हादसे से पहले सुरक्षा के इंतजाम किए जा सकें।

शौचालयों में गंदगी और टूट-फूट

स्कूल के शौचालयों की हालत भी खराब है। यहां गंदगी के साथ टूट-फूट की समस्या है। इससे विद्यार्थियों को इस्तेमाल करने में परेशानी होती है। साफ-सफाई और मरम्मत नहीं होने से बच्चों को जरूरी सुविधा भी ठीक से नहीं मिल पा रही है।

बिजली, जलभराव, जर्जर भवन और शौचालयों की बदहाली को मिलाकर देखें तो स्कूल की व्यवस्था पर कई सवाल खड़े होते हैं। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग और नगर निगम इन समस्याओं को दूर करने के लिए कब कदम उठाते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments