Homeछत्तीसगढ़भारतीय स्टेट बैंक की कोरबा स्थित बाल्को शाखा में करीब 93.60 लाख...

भारतीय स्टेट बैंक की कोरबा स्थित बाल्को शाखा में करीब 93.60 लाख रुपए के गबन के मामले में EOW ने तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका से गिरफ्तार किया

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) भारतीय स्टेट बैंक की कोरबा स्थित बाल्को शाखा में करीब 93.60 लाख रुपए के गबन के मामले में EOW ने तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बैंक में काम के दौरान उसने बैंक के इंटर्नल खातों से रकम निकालकर अपनी पत्नी, ड्राइवर और अन्य लोगों के खातों में ट्रांसफर कर दी थी। बैंक को 93 लाख 60 हजार 797 रुपए का नुकसान हुआ।

बैंक की शिकायत पर साल 2020 में मामला दर्ज किया गया था। करीब छह साल से चल रही जांच के बाद एसीबी बिलासपुर की टीम ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। उसे छत्तीसगढ़ लाकर कोरबा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड मिली है।

इस नाम के खातों में ट्रांसफर किए रुपए

एसीबी के अनुसार, सुनील कुमार झा 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 तक SBI की बाल्को शाखा में मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ था। इस दौरान बैंक के खातों और वित्तीय लेनदेन की जिम्मेदारी उसके पास थी। वर्ष 2020 में बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने ईओडब्ल्यू/एसीबी मुख्यालय रायपुर में शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सुनील झा ने बैंक के खातों से बिना किसी वैधानिक अधिकार के 93,60,797 रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए। इनमें उसकी पत्नी श्वेता झा और वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर के खाते भी शामिल थे। इसके अलावा बैंक के अन्य खाताधारकों के खातों में भी रकम भेजी गई थी।

बैंक के तीन आंतरिक खातों से निकाली गई थी रकम

जांच में सामने आया कि रकम बैंक के तीन आंतरिक खातों से निकाली गई थी। इनमें टर्म लोन ब्याज खाता, सिस्टम सस्पेंस खाता और डिस्काउंट खाता शामिल हैं। एसीबी ने इन खातों के स्टेटमेंट के साथ पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और अन्य खाताधारकों के बैंक स्टेटमेंट भी जब्त किए हैं। जांच एजेंसी ने बैंक से मूल बैच ट्रांसफर वाउचर और डेबिट वाउचर भी जब्त किए। इन दस्तावेजों के जरिए यह पता चला कि बैंक के आंतरिक खातों से रकम डेबिट कर दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई थी। एसीबी के मुताबिक, ये वाउचर सुनील झा ने ही तैयार किए थे।

पहले 409 में केस, जांच के बाद धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार की धाराएं भी जुड़ीं

बैंक की शिकायत के आधार पर एसीबी ने वर्ष 2020 में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409 के तहत अपराध क्रमांक 07/2020 दर्ज किया था। आगे की जांच में बैंक के दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(ए), 13(2) और आईपीसी की धारा 420, 467, 468 व 471 भी जोड़ी गईं। जांच एजेंसी का आरोप है कि बैंक के अधिकारी के रूप में मिली जिम्मेदारी का दुरुपयोग कर आरोपी ने बैंक की रकम का दूसरे खातों में अवैध ट्रांसफर किया।

दुमका में घर से पकड़ा, ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाई टीम

मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसीबी बिलासपुर की टीम लगातार दबिश दे रही थी। टीम ने उसे दुमका स्थित निवास से गिरफ्तार किया। इसके बाद दुमका के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल कर छत्तीसगढ़ लाई। कोरबा के संबंधित न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसीबी मामले में आगे की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments