Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ के 14 पूर्व राजघरानों का इतिहास अब एक ही जगह देखने...

छत्तीसगढ़ के 14 पूर्व राजघरानों का इतिहास अब एक ही जगह देखने को मिलेगा

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) छत्तीसगढ़ के 14 पूर्व राजघरानों का इतिहास अब एक ही जगह देखने को मिलेगा। राज्य सरकार इन रियासतों की शाही परंपराओं, राजपरिवारों की वंशावलियों और दुर्लभ धरोहरों को सहेजने के लिए रायपुर के संस्कृति विभाग में ‘रियासत वीथिका’ बनाने जा रही है।

इसमें छत्तीसगढ़ के राजघरानों के इतिहास को दो फ्लोर में प्रदर्शित किया जाएगा। गैलरी में राजाओं की जीवनशैली से लेकर दरबार की परंपराएं, शाही प्रतीक, पारंपरिक पोशाकें, प्राचीन हथियार, ऐतिहासिक सिक्के और पुराने दस्तावेज देखने को मिलेंगे।

पर्यटन और संस्कृति विभाग ने इस परियोजना का खाका तैयार कर लिया है। पूर्व राजपरिवारों के वंशजों और प्रतिनिधियों के साथ हुई परामर्श बैठक में इसका प्रेजेंटेशन दिया गया।

विभाग ने राजपरिवारों से ऐतिहासिक सामग्री जुटाने, वंशावली की जानकारी देने और पारिवारिक इतिहास दर्ज कराने में सहयोग मांगा है।

निजी महलों में बिखरी धरोहरें एक जगह आएंगी

अभी छत्तीसगढ़ की रियासतों से जुड़ी कई ऐतिहासिक वस्तुएं निजी महलों, राजपरिवारों के पारिवारिक अभिलेखागार और क्षेत्रीय संग्रहालयों में रखी हुई हैं।

इनके बारे में आम लोगों को बहुत कम जानकारी है। रियासत वीथिका के जरिए इन सभी धरोहरों को एक साझा मंच पर लाने की योजना है। इससे पर्यटकों के साथ इतिहास में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को भी एक जगह डिटेल में जानकारी मिल सकेगी।

पर्यटन एवं संस्कृति सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने बताया कि गैलरी में राजदरबार की व्यवस्था, शाही मुहरों, सिक्कों, हथियारों, पोशाकों और सामाजिक-सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण किया जाएगा।

इसके लिए विभाग एक नोडल अधिकारी नियुक्त करेगा। यह अधिकारी अलग-अलग राजपरिवारों के पास जाकर मौखिक इतिहास दर्ज करेंगे, पुराने रिकॉर्ड का सत्यापन करेंगे और प्रदर्शित की जाने वाली ऐतिहासिक सामग्री का चयन करेंगे।

महलों को हेरिटेज टूरिज्म से जोड़ने की तैयारी

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा के अनुसार प्रदेश की रियासतों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक, पुरातात्विक और धार्मिक पहचान को देशभर में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

सरकार का प्रयास केवल राजघरानों का इतिहास सहेजने तक सीमित नहीं है। ऐतिहासिक महलों को हेरिटेज टूरिज्म सर्किट और होमस्टे के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

इससे प्रदेश में पर्यटन के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सकेगा

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments