Homeछत्तीसगढ़सोलर पैनल की सप्लाई और इंस्टॉलेशन कराने का झांसा देकर 34 लाख...

सोलर पैनल की सप्लाई और इंस्टॉलेशन कराने का झांसा देकर 34 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में सुपेला पुलिस ने एक आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया

IBN24 Desk: रायपुर (छत्तीसगढ़) सोलर पैनल की सप्लाई और इंस्टॉलेशन कराने का झांसा देकर 34 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में सुपेला पुलिस ने एक आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी विवेक मिश्रा (27) महाराष्ट्र के पालघर का रहने वाला है।

वह मुंबई की जेल में पहले से बंद था। पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट और ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लेकर आई है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी की रिमांड मिली है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी नवीन कुमार ने 5 सितंबर 2026 को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 24 जून 2026 को मोबाइल फोन के जरिए उनका संपर्क स्नेहा और कंपनी मैनेजर कमलेश पाटिल से हुआ था। दोनों ने खुद को मुंबई की सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से जुड़ा बताया।

उन्होंने प्रार्थी की फर्म को बाजार भाव से कम कीमत पर सोलर पैनल देने और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का प्रस्ताव दिया। साथ ही इस कारोबार में अच्छा मुनाफा होने का भरोसा दिलाया।

दो बैंक खातों से ट्रांसफर किए 34 लाख रुपए

उनकी बातों में आकर प्रार्थी ने कंपनी के बैंक खाते में रकम जमा करा दी। नवीन कुमार ने बैंक ऑफ बड़ौदा के नंदनी रोड, भिलाई स्थित खाते और कोटक महिंद्रा बैंक के सुपेला स्थित खाते से IMPS और RTGS के जरिए कुल 34 लाख रुपए ट्रांसफर किए।

रकम मिलने के बाद आरोपियों ने न तो सोलर पैनल उपलब्ध कराए और न ही इंस्टॉलेशन का काम कराया। इसके बाद प्रार्थी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

बैंक खातों और मोबाइल नंबरों से मिला सुराग

शिकायत के आधार पर सुपेला थाना और स्मृतिनगर चौकी में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने साइबर सेल और संबंधित बैंकों की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जानकारी जुटाई। तकनीकी साक्ष्यों और प्रार्थी के बयान के आधार पर विवेक मिश्रा की भूमिका सामने आई।

मुंबई की जेल में बंद मिला आरोपी

जांच में पता चला कि विवेक मिश्रा मुंबई के बांगुर नगर थाने में दर्ज एक अन्य धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार हुआ था। वह मुंबई की सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में बंद था।

इसके बाद स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने स्थानीय पुलिस और जेल प्रशासन से संपर्क किया। दुर्ग न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया।

पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल की है। अब उससे 34 लाख रुपए के लेन-देन, कंपनी के बैंक खातों और इस मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments